मंगलवार, 10 दिसंबर 2019

नर पिशाच

करना है सम्मान मनुज का,
सन्तानों को बता न पाया।
निज चरित्र की रक्षा के गुर,
क्या देता निज बचा न पाया।
जब अपने ही लोगों से है,
लुटने लगा कारवाँ अपना।
तब मंजिल का तय हो जाना,
कोरा कोरा कोरा सपना।
उम्रकैद फाँसी या जीवन,
सारा कुछ तो नर्क सरीखा।
जब मानव ने मानव जैसा,
मानव के हित कर्म न सीखा।
माँ बहनें तो माँ बहनें हैं,
स्वयं न सीखा सिखा न पाया।
कुत्तों सा आचरण कर रहा,
मनुज तनिक भी नहीं लजाया।
ऊपर से यह प्रगतिशीलता,
का तुर्रा दिखलाते जाता।
लेकिन अंदर हुआ जंगली,
आदिकाल में धँसता जाता।
नर पिशाच सा नग्न नाचता,
नई सभ्यता का आडम्बर।
लेकिन सच है हुआ अमानुष,
डोल रहा है धरती अम्बर।
देवभूमि में जन्म लिया पर,
देवों को अपमानित करता।
शीलहरण कर परनारी का,
माँ की कोख कलंकित करता।
समझ नहीं आता ऐसा नर,
क्यों मनुष्य की गणना पाए।
कोशिश करिये नर पिशाच यूँ,
आसपास भी रह ना पाए।।

रविवार, 8 दिसंबर 2019

दिल्ली अग्निकांड

दिल्ली से जो दिल दहला देने वाला समाचार आया है कि अग्निकांड में 43 लोगों की मृत्यु हो गई है व दो दिन पीछे से जो देश के विभिन्न स्थानों से रेप व रेप पीड़िताओं की मृत्यु आदि के समाचार आ रहे हैं पढ़ सुनकर ऐसा लग रहा है जैसे हम अपने चारों ओर जलती हुई आग से घिरे हैं। तन-मन अशान्त है और दूर तक कोई इलाज नजर नहीं आता।
लापरवाही की एक सीमा होती है जब लापरवाही की पराकाष्ठा हो तो अपराध बन जाती है। ऐसे अपराध हमें चारों ओर से गिरफ्त में इस प्रकार कसे हुए हैं कि हम हिल भी नहीं पा रहे हैं।
ईश्वर भी लगता है जैसे निरुपाय हो गया है।

मेरा बच्चा पूछ रहा था आखिर इतनी तंग जगह में फैक्ट्री की अनुमति मिली कैसे तो जाहिर सी बात है भ्रष्टाचार। आप pwd के ऑफिस में जाइये तो वहाँ बिना किसी निरीक्षण के ही नेशनल बिल्डिंग कोड के सर्टिफिकेट मिल जाते हैं और इसी प्रकार अग्निशमन विभाग से अग्निरोधी व्यवस्था का प्रमाण पत्र। बस पैसे पकड़ाओ। आप कितने भी सही हों बिना चढ़ावा काम नहीं होता। फिर कोई क्यों ठीक ठाक व्यवस्था करे सुरक्षा की। होना तो यह चाहिए ऐसी दुर्घटनाओं के लिए सभी को दण्डित करना चाहिए। अनुमति देने वाले अधिकारियों व noc जारी करने वाले अधिकारियों सहित किसी को नहीं छोड़ा जाना चाहिए। होता है यह है ऐसे मामलों में सबसे कमजोर को बलि का बकरा बनाकर भेड़ियों को बचा लिया जाता है और सब कुछ सामान्य की तरह चलने लगता है जब तक कि फिर से कोई बड़ी दुर्घटना न हो जाए।


रविवार, 24 नवंबर 2019

प्रो0 फिरोज खान

आजकल #बनारस-हिंदू-विश्वविद्यालय में #प्रो0-फिरोज-खान की नियुक्ति को लेकर काफी विवाद चल रहा है। कुछ लोग पक्ष में तो कुछ लोग विपक्ष में खड़े हैं। मैं चुप नहीं रह सकता। बन्धु सत्य यह है कि यदि प्रो0 फिरोज खान की नियुक्ति संस्कृत पढ़ाने को लेकर हुई होती तो कोई बात नहीं थी किन्तु नियुक्ति धार्मिक शिक्षा देने के लिए हुई है जो बिल्कुल अनुचित बात है। प्रश्न धर्म के प्रति निष्ठा का है। क्या आप किसी ऐसे व्यक्ति से जिसकी निष्ठा दूसरे धर्म में है अपने धर्म की शिक्षा विशेषकर कर्मकांड की शिक्षा लेना पसंद करेंगे? निश्चित रूप से नहीं। मुझे इस प्रश्न का भी जवाब चाहिए कि धर्म निरपेक्षता का ठेका क्या हिन्दू के ही जिम्मे है। अगर अगले 25 वर्षों में भी किसी मस्जिद या मदरसे में धार्मिक शिक्षा देने के किसी हिन्दू स्वीकार कर लें तो कल से मैं इस्लाम की तालीम हासिल करना शुरू कर दूँ। मुझे मालूम है आप ऐसा नहीं कर पायेंगे।
मैं भुक्तभोगी हूँ। 4 वर्ष पूर्व जब ग्राम पंचायत के चुनाव हुए थे तो शाहाबाद के पास मुस्लिम बहुल आबादी का एक गाँव है कठमा। वहाँ मैंने जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी के रूप में अपनी अनुज वधू श्रीमती गीता शुक्ला के प्रचार के लिए इस गाँव में पोस्टर लगवाए थे। अगले दिन जब मैं गाँव में दुबारा गया तो मैंने देखा कि सभी पोस्टर फाड़े जा चुके थे। मैंने जानकारी की तो दबी जुबान में दो चार बुजुर्गों ने बताया कि ये कुछ लौंडों की करामात है। उन्होंने पोस्टर इसलिए फाड़ डाले कि उसपर राम दरबार का चित्र बना था। कहाँ गयी दूसरों के भी धर्म का सम्मान करने की भावना?
धर्म निरपेक्ष होने का मतलब यह नहीं होता कि दूसरे के धर्म में टाँग अड़ाई जाये। धर्म निरपेक्ष होने का मतलब है जो जिस धार्मिक आस्था के साथ है उसे उस आस्था के साथ रहने दिया जाए। आखिर मुझे कोई दिक्कत नहीं होती जब सुबह सुबह अजान के स्वर कानों में पड़ते हैं बल्कि नींद समय से खुल जाती है अपने परमपिता परमात्मा का ध्यान हो जाता है और मैं इसके लिए अजान देने वाले का तहेदिल से शुक्रगुजार होता हूँ। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मैं उसकी यह अजान अपने घर की ड्यौढ़ी पर पसंद करूँ।
बी एच यू के जिस विभाग में प्रोफेसर साहब की नियुक्ति हुई है वह शिक्षा विभाग नहीं मन्दिर है साहब। वहाँ किसी अन्य धर्म के व्यक्ति की नियुक्ति किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है।

बुधवार, 13 नवंबर 2019

हिंदुस्तान भी

राम का नाम रहे औ' रहे अजान भी।
गूँजे कुरान  और गीता का ज्ञान भी।
हृदयों को जीतकर हम हो गए हिन्दू।
प्रीति पूरी धरा से प्यारा हिंदुस्तान भी।
9198907871

दिलों के बीच

दिलों के बीच भी सरहद होती है,
जिसकी ऊँचाई बेहद होती है,
बन तो बहुत जल्दी जाती है,
किन्तु न मिटने की जिद होती है।

मंगलवार, 12 नवंबर 2019

मराठी मानुस

महत्वाकांक्षा इतनी बड़ी हो गई कि जनता का निर्णय सिर के बल खड़ा हो गया।  सबसे बड़ी पार्टी होकर भी बीजेपी महाराष्ट्र में सरकार नहीं बना पाई। शिवसेना गठबंधन धर्म नहीं निभा पाई और नौबत राष्ट्रपति शासन की आ गयी। मुझे यह समझ में नहीं आता कि जो इलेक्शन की नौटंकी जनता के पैसे से खेली गई उसकी भरपाई कौन करेगा। 
जाहिर है जब गठबंधन को स्पष्ट बहुत मिला तो उसे दोष नहीं दे सकते। मेरी समझ से यदि बहुमत प्राप्त करके भी कोई दल सरकार न बना पाएं तो उस दल के सभी जीते विधायकों की सम्पत्ति जब्त करके उनके पुनः चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए।
राष्ट्रपति शासन ही लगना था तो जनता तो ठगी गयी। संविधान निर्माताओं ने कल्पना भी न की होगी कि सत्ता की चाहत एक दिन देश हित से बड़ी हो जाएगी।
थू है उनपर जो अपने को जनता का सेवक कहकर वोट झटकते हैं और इलेक्शन के बाद जब सत्ता की मलाई हाथ नहीं आती तो अपने कर्तव्य से हट जाते हैं। वाह रे मराठी मानुस। धिक्कार है!

मंगलवार, 5 नवंबर 2019

सारी उमर जाती

शमा जलने  से डर जाती,
पतिंगे की सँवर जाती।
पता है इश्क का खतरा,
मगर वो इश्क कर जाती।।1/11/2019 FB

बहुत बेचैन थी साकी,
न कोई मयकदे आया,
न मेरे पास आती तो,
सुराही ले किधर जाती।|1/11/2019 FB

सजे थे शूल करतल में,
बचाने थे सुमन कोमल।
जो करता पीर की चिंता,
तो फिर माला बिखर जाती।।2/11/2019 FB

खुली खिड़की नहीं होती,
तो होती बात क्या उससे,
जो रुकता द्वार खुलने तक,
चली सारी उमर जाती।।2/11/2019 FB

बसे जिस आँगने जाकर,
लगायी आग नफरत की।
करें दावा मुहब्बत का,
बुरी आदत अखर जाती।।3/11/2019 FB

जहर बो कर हवाओं में,
पवन चाहूँ बसन्ती सी,
ये सपना देखता हूँ जब,
तो हर सूरत है मर जाती।।4/11/2019 FB

फँसी थी मन में जो मछली,
कँटीली और जहरीली,
उगलता या निगल जाता,
'विमल' को हो जहर जाती।|4/11/2019 FB

बुधवार, 30 अक्तूबर 2019

असमान भुजा के चतुर्भुज का क्षेत्रफल


30/10/2019
भवन बनवाने के लिए प्लॉट इत्यादि खरीदते समय कभी कभी असमान भुजाओं वाले प्लॉट खरीदने पड़ जाते हैं| जिनके क्षेत्रफल निकालने में प्रायः कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और ठग लिए जाने कि सम्भावना बनती है| एक पाठक की माँग पर यहाँ एक ऐसे चौकोर प्लॉट का क्षेत्रफल निकालना बताया गया है जिसकी चारो भुजाएं असमान हैं
 
दिया गया चित्र इसी प्रकार का है| प्रायः मैंने लोगों को इसका क्षेत्रफल निम्नलिखित प्रकार का निकालते देखा है|
   
किन्तु यह तरीका पूर्णतया त्रुटिपूर्ण है| क्योंकि भुजाओं कि माप यही रहते हुए भिन्न भिन्न परिस्थितियों में ऐसी आकृतियों का क्षेत्रफल भिन्न भिन्न हो सकता है| अतः भुजाओं की अपेक्षा परिस्थिति बताएगी कि आपके प्लॉट का क्षेत्रफल कितना है| नीचे दिया गया चित्र देखें|
 
इस चित्र में भुजा AC को देखें| भुजा AC की माप 45 मीटर से कम कुछ भी हो सकती है| AC की माप पर ही इस आकृति का क्षेत्रफल निर्भर करेगा| स्पष्टतः इस आकृति में कोई भी कोण 90 अंश का नहीं होगा और क्षेत्रफल निकालने के लिए उसकी आवश्यकता भी नहीं है| इसके लिए हम विषमबाहु त्रिभुज के क्षेत्रफल निकालने कि विधि से त्रिभुज ADC व त्रिभुज ABC के क्षेत्रफलों को ज्ञात कर जोड़ देंगे तब यथार्थ क्षेत्रफल निकल आयेगा| ध्यान दें AC की माप जितनी कम या ज्यादा होगी उसी अनुरूप आकृति या भूमि का क्षेत्रफल भी कम ज्यादा हो जायेगा|
मान लें एक परिस्थिति में AC = 16 मीटर और दूसरी परिस्थिति में AC = 32 मीटर|

उपरोक्त में a, bc किसी त्रिभुज की भुजायें हैं तथा
इस प्रकार दोनों परिस्थितियों में निकाले गये क्षेत्रफल में बहुत बड़ा अन्तर है| दोनों भूमिखंडों के क्षेत्रफल में वास्तव में अन्तर होगा जबकि परिमिति की भुजायें समान हैं| तो याद रखें असमान भुजा की आकृति में क्षेत्रफल भुजा के साथ साथ विकर्ण पर निर्भर करता है|
अब पाठक स्वयं समझ सकते हैं कि यदि लेख के आरम्भ में बताये अनुसार क्षेत्रफल निकाला जायेगा तो कितना गलत हो जायेगा|
इन्हें भी पढ़ें 







कृपया पोस्ट पर कमेन्ट करके अवश्य प्रोत्साहित करें|

हमारीवाणी

www.hamarivani.com
www.blogvarta.com