सोमवार, 18 मार्च 2019

प्रियंका जी

मोदी सरकार 55 वर्ष तक चिल्लाती रही बेटी बचाओ पढ़ाओ| राहुल जी को बहुत देर से समझ में आया वो भी इतना कि बेटी पढ़ाओ बेटी बढ़ाओ| अब राहुल जी तो ठहरे कुंवारे सो बेटी तो थी नहीं| हाँ बहन थी सो ऐन इलेक्शन के वक्त प्रियंका जी को बढ़ा दिया आगे| बोल जय गंगा मइया की विशेषकर इलाहाबाद से बनारस वाली की| एक बात और इससे पता चलता है कि पप्पू को लग रहा है अब अपने बूते कभी पास नहीं होगा| 
एक बात और लोग एयर स्ट्राइक को लेकर प्रायः सरकार से सबूत माँग रहे हैं| इस पर एक दोहा 
राजनीति के फंद में, माँ से बोला पूत|
मेरे बप्पा कौन हैं, दीजे मुझे सबूत||

कृपया पोस्ट पर कमेन्ट करके अवश्य प्रोत्साहित करें|

सोमवार, 11 मार्च 2019

धार धर लो

11/03/2019
वोट है तलवार इस पर धार धर लो।
और अपने आप पर उपकार कर लो।।
देश उन्नायक चयन का समय है ये।
जोकरों खलनायकों का मान हर लो।।
तुम मदारी हो जमूरे सामने हैं।
एक निर्णय पंचसाला खेल कर लो।।
लोकतंत्री नाव की पतवार कर में।
ले चलो तट या कि फिर मझधार मर लो।।
जब बटन पर उँगलियाँ हों तो ठहरकर।
दस शतक की दासता को याद कर लो।।
देश का आँचल जो श्यामल हो गया है।
अब समय घर, वसन, तन, मन 'विमल’ कर लो।।


कृपया पोस्ट पर कमेन्ट करके अवश्य प्रोत्साहित करें|

शुक्रवार, 8 मार्च 2019

सत्ता का प्रभाव

कंटकों से भरे हुए, पथ में जो जाना पड़े,
पैर में पड़े जूतों से, प्यार हो ही जाता है।
जहाँ मारपीट की हों थोड़ी भी सम्भावनाएं,
हाथ में लगे तो हथियार हो ही जाता है।
पत्थरों में नाम जब खोदा नहीं जाता बन्धु,
नेताजी का खून खौल, क्षार हो ही जाता है।
सत्ता के जूते पर हो पॉलिश अहंकार की,
चोरों व उचक्कों में, रार हो ही जाता है।।

कृपया पोस्ट पर कमेन्ट करके अवश्य प्रोत्साहित करें|

मंगलवार, 15 जनवरी 2019

टुकड़ा तेरी थाल का


मैं भी बहुत बड़ा कारण हूँ इस जग के जंजाल का,
लाठी लेकर घूम रहा हूँ काम नहीं है बाल का।
बहुत जटिल नक्शे देखे हैं, बहुत बड़ी तामिरें कीं,
सबके पीछे झांक के देखा मसला रोटी दाल का।
अपने अपने हाल की खातिर, हाल तुम्हारा पूछ रहे।
कोई पुरसाहाल नहीं है वरना तेरे हाल का।
किसी विषय का पक्ष करें या फिर विपक्ष में खड़े रहें,
उनका लक्ष्य सिर्फ इतना है टुकड़ा तेरी थाल का।
साँप के जैसे पलटी खाना अब तो सबकी आदत है,
किसका किसका नाम लिखोगे हल ही नहीं सवाल का।
 



कृपया पोस्ट पर कमेन्ट करके अवश्य प्रोत्साहित करें|

हमारीवाणी

www.hamarivani.com
www.blogvarta.com