शनिवार, 24 फ़रवरी 2024

हाथों पर अम्बर

पहले पहले डर लगता है।
फिर जंगल भी घर लगता है।
पूरे मन से पर्वत ठेलो,
तो पक्षी का पर लगता है।।
उर में संशय घर कर जाये,
कटहल लटका सिर लगता है।
कोई अपना ही ठग जाये,
असली झटका फिर लगता है।।
श्रमसीकर-सरि बहा चुके यदि,
हाथों पर अम्बर लगता है।
धैर्य अंगीठी पर जो तपते,
उनका ही नम्बर लगता है।।
प्रेम परोसी थाल न पायी,
अमृत भी हो गर लगता है।
पाप कमाकर पुण्य कर रहे,
काशी भी मगहर लगता है।।

रविवार, 11 फ़रवरी 2024

कॅंटीली औ' कटीली

कॅंटीली औ' कटीली का जो फर्क नहीं जानते हैं,
तर्क वही करते अर्क रेत से निकालते।
चाहते हैं मधुपर्क करना न चाहें वर्क,
तन खाये जर्क खाल बाल से निकालते।
जैसे कर्क कर्क की ही टॉंग खींच ग़र्क करें
बेड़ा, निज जाति का जनाजा ही निकालते।
बुद्धिमान वही हैं जो रार नहीं ठानते हैं,
झोंकते हैं हॉं में हॉं ही ना में ना निकालते।

सोमवार, 5 फ़रवरी 2024

नारी जिनके संग नहीं

मौन भली है मौन सी, मौन त्रिया भौकाल।
मार खाइये मौन हो, करिये नहीं बवाल।।
बाबा या कि फकीर हो, सब नारी के फन्द।
नारी जिनके सॅंग नहीं, उनके फाटक बन्द।।
मिले तरक्की रात-दिन, बने लला धनवान।
चहुंदिशि फैले कीर्ति नित, क्षण क्षण हो सम्मान।
गोरू हाॅंकति गुरु बने, चेला बेंचति तेल।
कलियुग मा सम्बन्ध की, लगी चतुर्दिक सेल।। 
जिसको दें सन्देश हम, उसे समझ में आय।
वरना दल कविता मित्रवर, उसके प्रति अन्याय।। 
सालों की पूजा करें, पत्नी होय प्रसन्न। 
सीखें जो सिद्धान्त यह, सदा रहेंगे टन्न।।

मंगलवार, 14 नवंबर 2023

यूडाइस+ पर फीडिंग की समस्या

पिछले वर्ष से कक्षा 1 से 12 के छात्र छात्राओं का रिकॉर्ड यूडाइस+ पर फीड किया जा रहा है। चूंकि पिछले वर्ष सभी बच्चों को नये सिरे से फीड करना था अतः कोई समस्या नहीं हुई। परन्तु इस वर्ष आप बच्चों की फीडिंग दो तरह से कर सकते हैं। प्रथम जिन बच्चों को सत्र 2022-23 में फीड किया था उन्हें अपग्रेड करके। दूसरे जो छात्र बाहर से आये हैं उनका पेन pen यानी परमानेंट एजूकेशन नम्बर सर्च करके उन्हें अन्य विद्यालय से इम्पोर्ट करके। पेन को आधार व जन्मतिथि की सहायता से सर्च करने की व्यवस्था साइट पर है।
सिद्धान्ततः कोई त्रुटि नहीं है किन्तु व्यवहार में बड़ी कठिनाई है।   
जो बच्चे कहीं नहीं पढ़े हों कक्षा 1 में उन्हें सीधे फीड कर सकते हैं अन्य कक्षाओं में इम्पोर्ट करना ही पड़ेगा।
मेरी और मेरे जैसे कई लोगों की समस्या यह है कि जो बच्चे 2021-22 या उससे पूर्व के वर्षो में कक्षा 5 उत्तीर्ण हुए या उनकी उम्र अधिक हो जाने पर भी उन्होंने निचली कक्षा में कहीं प्रवेश नहीं लिया उनको साइट पर कैसे फीड किया जाए। कोरोना के चलते तमाम बच्चे प्रवेश से वंचित रहे या स्वयं को विद्यालय में प्रवेश के लिए तैयार नहीं कर पाए। कुछ ऐसे भी विद्यालय हैं जिन्होंने फीडिंग की नहीं या लापरवाही से की ऐसे बच्चों की फीडिंग कैसे होगी। 
तमाम लोग यहां शिक्षा विभाग से जुड़े हुए हैं कृपया अपनी सम्मति प्रदान करने का कष्ट करें।

हमारीवाणी

www.hamarivani.com
www.blogvarta.com